नए साल 2026 की शुरुआत देशवासियों के लिए कई अहम बदलाव लेकर आई है। 1 जनवरी से ऐसे नियम लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देगा। रसोई गैस से लेकर कार खरीदने और हवाई सफर तक, कई चीजें महंगी हो गई हैं, जबकि कुछ मामलों में राहत भी मिली है। आइए जानते हैं नए साल के पहले दिन से लागू हुए पांच बड़े बदलाव।
पहला बदलाव: कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
साल की शुरुआत महंगाई के झटके के साथ हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। यह सिलेंडर अब 111 रुपये तक महंगा हो गया है।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में इसका दाम बढ़कर 1691.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये, कोलकाता में 1795 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
PNG गैस हुई सस्ती
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर भी आई है। गैस कंपनी IGL ने घरेलू पीएनजी की कीमतों में कटौती की है। इसके बाद दिल्ली में पीएनजी की कीमत घटकर 47.89 रुपये प्रति SCM हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में यह 47.76 रुपये प्रति SCM हो गई है।
दूसरा बदलाव: हवाई सफर होगा थोड़ा सस्ता
हवाई यात्रियों के लिए नए साल की शुरुआत राहत भरी रही है। एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी हवाई ईंधन के दाम घटाए गए हैं। दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत घटकर करीब 92,300 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे आने वाले दिनों में हवाई टिकटों के दामों में नरमी देखने को मिल सकती है।
तीसरा बदलाव: कार खरीदना हुआ महंगा
2026 का पहला दिन कार खरीदने वालों के लिए झटका लेकर आया है। कई बड़ी कार कंपनियों ने अपने वाहनों के दाम बढ़ा दिए हैं। मर्सिडीज-बेंज, BMW, MG मोटर्स, निसान और रेनो जैसी कंपनियों ने 2 से 3 फीसदी तक कीमतें बढ़ाई हैं। बढ़ती लागत और खर्चों को इसकी वजह बताया गया है।
चौथा बदलाव: ऑस्ट्रेलिया को निर्यात पर बड़ी राहत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। 1 जनवरी 2026 से ऑस्ट्रेलिया ने भारत से जाने वाले सभी सामानों पर जीरो टैरिफ लागू कर दिया है। इससे भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
पांचवां बदलाव: जनवरी में ज्यादा बैंक छुट्टियां
जनवरी महीने में बैंकों में छुट्टियों की संख्या ज्यादा रहने वाली है। आरबीआई की सूची के अनुसार इस महीने करीब 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
