अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने विभाग द्वारा महिलाओं के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर समाज में अपनी पहचान बना सकें।
आंगनवाड़ी भर्ती और पेंशन योजना
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब तक आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर के कई खाली पद भरे जा चुके हैं।
इसके साथ ही राज्य में लगभग 6,48,000 विधवा, तलाकशुदा और अकेली महिलाओं को पेंशन दी जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिल रहा है।
कामकाजी महिलाओं के लिए नई सुविधाएं
मंत्री ने बताया कि कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए राज्य में 5 वर्किंग विमेन हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। इन हॉस्टलों का उद्देश्य उन महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रहने की व्यवस्था देना है जो नौकरी या पढ़ाई के लिए घर से दूर रहती हैं।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए सरकार की फ्री बस सर्विस योजना भी लगातार जारी है। इस योजना से लाखों महिलाओं को रोजमर्रा की यात्रा में सुविधा मिल रही है और उनके खर्च में भी कमी आई है।
