पंजाब में बाढ़ की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर हो गई है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने सभी राहत कैंप बंद करने का फैसला किया है। यह जानकारी मंगलवार को पंजाब के माल, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने दी।
सभी परिवार घर लौटे
मंत्री ने बताया कि राहत कैंपों में रह रहे सभी प्रभावित लोग अब अपने-अपने घरों और गांवों में वापस लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जरूरतमंद परिवारों को जरूरी राहत सामग्री की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी, ताकि उन्हें किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
बाढ़ के दौरान बने 219 कैंप
बाढ़ के चरम समय में पूरे पंजाब में 219 राहत कैंप खोले गए थे। इनमें समय-समय पर 8,270 प्रभावित लोगों ने शरण ली थी। जैसे-जैसे हालात सुधरते गए, कैंपों की संख्या घटती गई और अब कोई भी कैंप सक्रिय नहीं है।
सरकार का आश्वासन
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि राज्य सरकार ने हर प्रभावित परिवार को सुरक्षित ठिकाना और जरूरी सहूलियतें उपलब्ध करवाईं। अब जबकि लोग घर लौट चुके हैं, सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उन्हें पुनर्वास और राहत सामग्री समय पर मिलती रहे।
पंजाब में बाढ़ का संकट धीरे-धीरे खत्म हो चुका है। राहत कैंपों में रह रहे सभी परिवार अब अपने घरों को लौट चुके हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि प्रभावित लोगों की मदद और जरूरी सामग्री की सप्लाई लगातार जारी रहेगी, ताकि बाढ़ के बाद भी उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
