पटियाला जिले के सनौर हलके से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस हिरासत से फरार हो गए। उन्हें सोमवार सुबह ही हरियाणा के करनाल से पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लेकिन कुछ ही घंटे बाद पुलिस उन्हें स्थानीय थाने ले जा रही थी, तभी घटनाक्रम ने नाटकीय मोड़ ले लिया।
पुलिस पर गोलियां और हमला
सूत्रों के मुताबिक, विधायक पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिस पर अचानक फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा आरोपियों ने मौके से भागने के दौरान पुलिस कर्मचारियों पर गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की।
गाड़ियों में भागे आरोपी
पठानमाजरा और उनके साथी दो गाड़ियों—एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर में सवार होकर फरार हुए। पुलिस ने पीछा करते हुए फॉर्च्यूनर को काबू कर लिया, लेकिन स्कॉर्पियो में सवार विधायक पठानमाजरा मौके से भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस अब उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुराना मामला बना गिरफ्तारी की वजह
जानकारी के अनुसार, विधायक पठानमाजरा की गिरफ्तारी एक पुराने जबरन यौन शोषण के मामले में की गई थी। गिरफ्तारी से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उन पर झूठा बलात्कार का केस दर्ज किया गया है। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की थी कि वे उनके समर्थन में एसएसपी और डीसी दफ्तर का घेराव करें।
पुलिस की बढ़ी चुनौती
इस घटना ने पंजाब पुलिस के लिए मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एक ओर जहां पुलिस पर हमला और हिरासत से भागना गंभीर सुरक्षा चूक को दिखाता है, वहीं विधायक की फरारी ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस का कहना है कि पठानमाजरा को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके साथियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
