मोहाली शहर में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को हुई फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट्स कमेटी की बैठक में करीब 38 करोड़ रुपये के 72 से ज्यादा विकास कार्यों को मंजूरी दे दी गई। यह प्रोजेक्ट शहर के अलग-अलग वार्डों में सड़कें, पार्क, खेल सुविधाएं और मार्केट अपग्रेडेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर करेंगे।
सड़कों के विकास पर सबसे ज्यादा जोर
बैठक में सबसे बड़ा बजट सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन के लिए रखा गया।
विभिन्न वार्डों में प्रीमिक्स, रिकार्पेटिंग, साइड टाइलें, ड्रेनेज सिस्टम और रोड फ़र्नीचर की देखभाल के लिए कई टेंडर पास किए गए।
मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि शहर की सड़कों को अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार अपडेट किया जाएगा, ताकि लोगों को टूटी और खराब सड़कों से छुटकारा मिले।
पार्क और खेल सुविधाओं का विस्तार
बैठक में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए भी अलग से फंड जारी किया गया।
शहर के कई पार्कों में—
-
ओपन जिम
-
योगा शेड
-
बैडमिंटन कोर्ट
-
बास्केटबॉल कोर्ट
बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं का उद्देश्य युवाओं और बुजुर्गों दोनों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली उपलब्ध कराना है।
मार्केटों की मरम्मत के लिए 45 लाख जारी
फेज-10 और सेक्टर-68 की मार्केटों में फर्श, फुटपाथ, लाइटिंग और अन्य मरम्मत कार्यों के लिए लगभग 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
साथ ही मार्केट के पीछे के हिस्सों में भी टाइल और ड्रेनेज का काम किया जाएगा, ताकि दुकानदारों और स्थानीय लोगों को पानी भरने या गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
