पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने तीसरे इंटरनेशनल पंजाबी लैंग्वेज ओलंपियाड-2025 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस ओलंपियाड में भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले पंजाबी छात्रों ने भी बड़े उत्साह से हिस्सा लिया। क्लास 3 से 12 तक के छात्रों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में पंजाबी भाषा के प्रति बच्चों का लगाव साफ नजर आया।
इंटरनेशनल कैटेगरी में विदेशी धरती से चमके छात्र
इंटरनेशनल कैटेगरी में क्लास 3 से 5 के वर्ग में ओस्लो (नॉर्वे) की नियामत कौर बराड़ ने पहला, अहिल सिंह ने दूसरा और हरसिरत कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्लास 6 से 8 की कैटेगरी में नैरोबी (केन्या) की सिमरत कौर पहले, अमृत कौर विर्दी दूसरे और नवजोत सिंह मथारू तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, क्लास 9 से 12 की इंटरनेशनल कैटेगरी में ओस्लो के परमीत सिंह गुरम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
पंजाब के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
पंजाब कैटेगरी में भी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। क्लास 3 से 5 में अमृतसर की रीनत महल पहले, मोगा की अवनीत कौर दूसरे और फरीदकोट की संगमप्रीत कौर तीसरे स्थान पर रहीं। क्लास 6 से 8 में पटियाला की करजीत कौर ने पहला, फरीदकोट की जैस्मीन रूपरा ने दूसरा और रूपनगर की अनीशा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्लास 9 से 12 में मोगा के इंदरजीत सिंह पहले, फतेहगढ़ साहिब की सिमरनजोत कौर दूसरे और गुरदासपुर की नवरूप कौर तीसरे स्थान पर रहीं।
दूसरे राज्यों के छात्रों ने भी दिखाई प्रतिभा
दूसरे राज्यों की कैटेगरी में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। क्लास 3 से 5 में दिल्ली की परनीत कौर आहूजा पहले, राजस्थान की खुशनूर कौर दूसरे और उत्तर प्रदेश की जैस्मीन कौर तीसरे स्थान पर रहीं। क्लास 6 से 8 में हरियाणा की दक्षा पहले स्थान पर रहीं, जबकि चंडीगढ़ के गुरनूर सिंह और नवनीत उनियाल दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। क्लास 9 से 12 में चंडीगढ़ के मनतेज सिंह विर्क ने पहला स्थान हासिल किया।
2.25 लाख से ज्यादा छात्रों की भागीदारी
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 2.25 लाख से अधिक छात्रों की भागीदारी राज्य सरकार की पंजाबी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने की नीति पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह ओलंपियाड सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में मातृभाषा के प्रति गर्व और आत्मविश्वास पैदा करने का एक अभियान है।
पारदर्शी प्रक्रिया और आकर्षक पुरस्कार
PSEB चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि ओलंपियाड तीन ऑनलाइन चरणों में फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी के जरिए पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया गया। विजेताओं को ₹11,000, ₹7,100 और ₹5,100 के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा, सबसे अधिक भागीदारी वाले स्कूलों को भी सम्मानित किया जाएगा।
