‘हिंद दी चादर’ साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित विशेष नगर कीर्तन मंगलवार को गुरुद्वारा छठी पातशाही, श्रीनगर से श्री आनंदपुर साहिब की ओर रवाना हुआ। इस ऐतिहासिक यात्रा में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने संगत के साथ चलकर गुरु चरणों में नमन किया और सबके कल्याण की अरदास की।
यह नगर कीर्तन जम्मू, पठानकोट, होशियारपुर, दसूहा और गढ़शंकर होते हुए 22 नवंबर को पवित्र श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा। यात्रा के दौरान भारी संख्या में संगत और श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने गुरु तेग बहादुर जी की बलिदानी परंपरा को नमन किया।

यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें कश्मीरी पंडित और हिंदू समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में जुड़े। इससे सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की एक सुंदर मिसाल सामने आई। यह वही संदेश है जिसे गुरु तेग बहादुर जी ने अपनी शहादत के माध्यम से दुनिया के सामने रखा था—धर्म, इंसानियत और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर क़ुरबानी स्वीकार है।
सरकार की ओर से भी इस महान आध्यात्मिक संदेश को देशभर तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस नगर कीर्तन का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों और उनकी त्याग-परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।

गुरु तेग बहादुर जी की शहादत न सिर्फ सिख इतिहास का गौरव है बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह नगर कीर्तन उसी प्रेरणा को जन-जन तक पहुँचाने की एक दिव्य यात्रा साबित हो रहा है।
