नरमे की निगरानी होगी सख्त, हफ्ते में दो बार मांगी रिपोर्ट : कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां
पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड़ियां ने कपास पट्टी के सभी मुख्य कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ‘सफेद सोना’ कहे जाने वाले नरमे की फसल की स्थिति और प्रगति की रिपोर्ट सप्ताह में दो बार भेजें। फसल की सेहत और कीट प्रबंधन को लेकर सरकार बेहद सतर्क हो गई है।
10 अगस्त तक डीएसआर की फील्ड वेरिफिकेशन पूरी करने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) से जुड़े सभी खेतों की फील्ड वेरिफिकेशन 10 अगस्त, 2025 तक पूरी कर ली जाए। यह कार्य समय पर पूरा होने से सरकार प्रति एकड़ 1,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर सकेगी।
गुलाबी सुंडी और सफेद मक्खी पर रखें नजर
खुड़ियां ने कहा कि गुलाबी सुंडी, सफेद मक्खी, तेला, थ्रिप्स और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए नियमित फील्ड निरीक्षण आवश्यक है। उन्होंने कृषि अधिकारियों को नरमे की फसल का करीबी अवलोकन करने और किसानों को कीट प्रबंधन के बारे में ठोस सलाह देने को कहा।
बारिश से प्रभावित खेतों का तुरंत किया जाए निरीक्षण
फाजिल्का और कपूरथला जिलों में हालिया बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। इस पर मंत्री ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि फसल को नुकसान से बचाने के लिए पानी की निकासी तुरंत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अन्य विभागों और जिला प्रशासन से तालमेल बिठाकर त्वरित कार्रवाई की बात कही।
उर्वरकों की जमाखोरी और दुरुपयोग पर सख्ती
बैठक में कृषि विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने फील्ड स्टाफ को खाद डीलरों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि यूरिया का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों के लिए हो और यह किसी भी रूप में औद्योगिक इस्तेमाल में न जाए।
आठ हॉटस्पॉट चिन्हित, कीट प्रकोप नियंत्रण में
कृषि विभाग के निदेशक स. जसवंत सिंह ने जानकारी दी कि फाजिल्का और बठिंडा जिलों में कीट प्रकोप के आठ हॉटस्पॉट पहचाने गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब कृषि विश्वविद्यालय की सिफारिशों के अनुसार किसानों को कीटनाशकों के प्रयोग की सलाह दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कीट प्रकोप नियंत्रण में है और आर्थिक क्षति की सीमा से नीचे है।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
स. गुरमीत सिंह खुड़ियां ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के हितों की रक्षा और समर्थन के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
