पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ‘इन्वेस्ट पंजाब’ के तहत लगातार बड़े निवेश किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब सरकार के उद्योग, वाणिज्य और स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा ने लुधियाना के फोकल पॉइंट इलाके में के. जे. फोर्जिंग की नई यूनिट का उद्घाटन किया। इस यूनिट पर करीब 35 करोड़ रुपये की लागत आई है।
उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल
उद्घाटन के दौरान संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों के लिए बेहतर और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसका नतीजा यह है कि अब दूसरे राज्यों के उद्योगपति भी पंजाब में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि के. जे. ग्रुप ने यहां एक आधुनिक ‘टूल रूम’ यूनिट स्थापित की है, जो इंडस्ट्री के लिए काफी अहम साबित होगी।
आने वाले समय में और निवेश
मंत्री ने जानकारी दी कि साल 2025 में के. जे. परिवार द्वारा कुल 52 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। इसके अलावा साल 2026 में 12 मेगावाट के सोलर पावर प्लांट के जरिए लगभग 66 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस तरह के निवेश से जहां राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, वहीं हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
स्थानीय निकायों की समस्याओं पर फोकस
पत्रकारों से बातचीत में संजीव अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया और कहा कि उन्हें स्थानीय निकाय विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम और नगर काउंसिल से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
बुड्ढा नदी की सफाई पर सख्ती
इस मौके पर मंत्री ने बुड्ढा नदी के पुनरुद्धार का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नदी को साफ करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। डेयरियों से निकलने वाले गोबर और अन्य कचरे को नदी में डालने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही डाइंग यूनिट्स और फैक्ट्रियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना ट्रीट किया हुआ पानी नदी में न छोड़ा जाए।
उद्योग जगत का सरकार को समर्थन
कार्यक्रम में के. जे. ग्रुप के प्रतिनिधियों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने इंडस्ट्री फ्रेंडली नीतियों और शांतिपूर्ण माहौल के जरिए निवेश को आसान बनाया है। साथ ही ग्रुप की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 लाख रुपये का योगदान भी दिया गया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्टेट इंफॉर्मेशन कमिश्नर हरप्रीत सिंह संधू, GLADA के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर संदीप कुमार और कई उद्योग प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
