दिल्ली में लाल किले के पास हुए भयानक कार धमाके के बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस धमाके में कथित साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड डॉ. उमर की मौत की पुष्टि के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उनकी मां का डीएनए सैंपल लिया है।
डीएनए जांच से होगी पहचान की पुष्टि
श्रीनगर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर उमर की मां का डीएनए नमूना विस्फोट स्थल से मिले अवशेषों से मिलान के लिए लिया गया है, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि धमाके में मारे गए व्यक्ति की पहचान वास्तव में उमर के रूप में ही हुई है या नहीं।
अधिकारी ने कहा कि जांच दल ने विस्फोट की जगह से कई जैविक नमूने और डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक टीमों को भेजा गया है।
धमाके में 12 की मौत, 25 घायल
सोमवार (10 नवंबर) शाम को लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। धमाके की वजह से आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं।
विस्फोट के बाद राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां लगातार छापेमारी कर रही हैं और संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।
आतंकी मॉड्यूल से जुड़ाव की जांच
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोटक कार चलाने वाला व्यक्ति फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा था। इस कड़ी में सुरक्षा एजेंसियों ने कई राज्यों में छापेमारी शुरू की है और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
अमित शाह ने ली उच्चस्तरीय बैठक
धमाके के बाद सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (11 नवंबर) को उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में गृह सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, एनआईए प्रमुख और इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी शामिल हुए।
गृह मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले की तह तक पहुंचने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम करें।
