अक्टूबर का महीना न सिर्फ त्योहारों का महीना है, बल्कि इस साल कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी लेकर आ रहा है। ये बदलाव आम लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी, खर्च और बैंकिंग, यात्रा, पेंशन और डिजिटल लेनदेन पर असर डाल सकते हैं। 1 अक्टूबर, 2025 से देशभर में पांच बड़े नियम लागू होंगे, जो लाखों लोगों के लिए जरूरी हैं।
1. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
अक्टूबर के पहले दिन से LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा होगी। पिछले कुछ महीनों में 19 किलो के वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतों में उतार-चढ़ाव आया है, जबकि 14 किलो घरेलू सिलेंडरों की कीमतें 8 अप्रैल, 2025 से स्थिर रही हैं। उम्मीद है कि इस बार आम लोगों को रसोई गैस में कुछ राहत मिल सकती है। इसके अलावा, एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल), CNG और PNG की दरों में भी बदलाव संभव है।
2. रेलवे टिकट बुकिंग नियम
जो लोग IRCTC के जरिए ऑनलाइन रेल टिकट बुक करते हैं, उनके लिए नया नियम लागू होगा। 1 अक्टूबर से केवल वही यात्री जिनका आधार वेरिफिकेशन पूरा है, वे रेलवे टिकट बुकिंग खुलने के पहले 15 मिनट के अंदर ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे। यह नियम IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर लागू होगा। इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी और दलालों को रोकना है। हालांकि, PRS काउंटर से टिकट खरीदने वालों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
3. पेंशन स्कीम के खर्चों में बदलाव
जो लोग NPS, UPS, अटल पेंशन योजना (APY) या NPS Lite में निवेश करते हैं, उनके लिए भी बदलाव आएंगे। PFRDA (पेंशन फंड रेगुलेटरी और डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने रिकॉर्डकीपिंग एजेंसियों द्वारा ली जाने वाली फीस में संशोधन किया है। ये बदलाव 1 अक्टूबर, 2025 से लागू होंगे और पेंशन निवेशकों के खर्चों को प्रभावित कर सकते हैं।
4. UPI लेनदेन में नई सुरक्षा
जो लोग PhonePe, Google Pay या Paytm जैसी UPI ऐप्स के जरिए रोजाना लेन-देन करते हैं, उनके लिए भी नया बदलाव है। NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने UPI को और सुरक्षित बनाने के लिए P2P (पीयर-टू-पीयर) लेनदेन की प्रक्रिया में सुधार किया है। 1 अक्टूबर से कुछ ऐप्स से विशेष सुविधाएं हटाई जा सकती हैं या धोखाधड़ी रोकने के लिए प्रक्रियाएं और सख़्त होंगी।
बैंक छुट्टियों का शेड्यूल
अक्टूबर में कई त्योहार होने के कारण बैंक कुल 21 दिनों तक बंद रहेंगे। इनमें शामिल हैं:
- गांधी जयंती
- दुर्गा पूजा
- दशहरा
- लक्ष्मी पूजा
- महर्षि वाल्मीकि जयंती
- करवा चौथ
- दिवाली
- गोवर्धन पूजा
- भाई दूज
- छठ पूजा
इसके अलावा, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार और सभी रविवार भी बैंक बंद रहेंगे। इसलिए अक्टूबर में किसी भी बैंकिंग काम को पूरा करने से पहले छुट्टियों की जांच करना ज़रूरी है।
अक्टूबर के ये बड़े बदलाव आपकी रोज़मर्रा की जिंदगी को सीधे प्रभावित करेंगे। गैस और ईंधन की कीमतों से लेकर पेंशन, बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन तक, हर क्षेत्र में बदलाव नजर आएगा। इसलिए इन नियमों के अनुसार अपने खर्च और योजनाओं को पहले से व्यवस्थित करना बेहतर रहेगा।
