स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जनता को बड़ा तोहफा दिया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में 80 फीसदी बलिदान पंजाबियों ने दिए थे। देश के लिए जान न्योछावर करने का जज़्बा हमें गुरु साहिबान से मिला है। विभाजन का दर्द भी सबसे ज्यादा पंजाब ने झेला, लेकिन आज पंजाब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
हर परिवार को मिलेगा 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पंजाब में हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा, जो 2 अक्टूबर से लागू होगा। इसके लिए न कोई फॉर्म भरना होगा और न ही कोई जटिल प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी। सिर्फ आधार कार्ड और वोटर कार्ड दिखाकर योजना का लाभ लिया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि 552 प्राइवेट और सभी सरकारी अस्पताल इस योजना से जुड़ चुके हैं, जबकि 500 और अस्पताल जल्द ही जोड़े जाएंगे। अगर परिवार का कोई सदस्य बीमार होता है तो उसका पूरा इलाज का खर्च पंजाब सरकार उठाएगी। इस योजना में सभी लोग शामिल होंगे, न कोई आय की सीमा होगी, न कोई नील-पीला कार्ड की जरूरत। पंजाब के करीब 3 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
आम आदमी क्लिनिक और शिक्षा में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 881 आम आदमी क्लिनिक संचालित हो रहे हैं, जहां रोजाना लगभग 70,000 लोग इलाज करवा रहे हैं। इसके अलावा 200 नए क्लिनिक खोले जा रहे हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में “स्कूल ऑफ एमिनेंस” खोले गए हैं, और तीन साल में छात्रों ने शानदार परिणाम दिए हैं। उन्होंने गर्व से बताया कि भारत सरकार के नेशनल अचीवमेंट सर्वे में 2017 में पंजाब 29वें स्थान पर था, जबकि 2025 में पहला स्थान हासिल कर लिया है, यहां तक कि केरल को भी पीछे छोड़ दिया है।
लड़कियों का शिक्षा में दबदबा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल भी 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शीर्ष स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा जमाया है। फरीदकोट की नवजोत कौर ने 8वीं में पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया, फरीदकोट की ही अक्षनूर ने 10वीं में टॉप किया और इसी जिले की दलजीत कौर ने 12वीं में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
सरकार की उपलब्धियां और वचन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सरकार ने कई ऐसे कार्य किए हैं जो आजादी के बाद कभी नहीं हुए थे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंजाब की तरक्की और जनता की भलाई के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।
