पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विधानसभा में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य लगातार तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की गई एंटी-करप्शन हेल्पलाइन पर आई शिकायतों के आधार पर अब तक 1000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ी है।
बुजुर्गों और किसानों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के जरिए बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें विशेष सुविधा मिल रही है। इसके अलावा ‘अपने खेत, अपनी रेत’ योजना से किसानों और आम लोगों को फायदा हुआ है और अवैध खनन पर भी नियंत्रण मिला है।
सरकार ने किसानों की मदद के लिए 33 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से 84,890 क्विंटल गेहूं के बीज मुफ्त वितरित किए, जिससे खेती को मजबूती मिली है।
आम लोगों को मिल रही राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाया है। आसान रजिस्ट्री व्यवस्था से लोगों को पहले की तरह दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उन्हें सम्मानजनक तरीके से सेवाएं मिल रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। राज्य में 881 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं, जहां लाखों लोगों को मुफ्त इलाज और दवाइयों की सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों को बेहतर सुविधाएं देकर पंजाब को विकास और खुशहाली की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
