राजस्थान की राजधानी जयपुर से दिल दहला देने वाली खबर आई है। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के आईसीयू वार्ड में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुएं से पूरा वार्ड भर गया और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई मरीजों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी में छह लोगों की मौत की खबर थी, लेकिन सुबह तक यह संख्या बढ़कर आठ हो गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय पर राहत नहीं मिलने के कारण जानें गईं।
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और तुरंत जांच कमेटी गठित करने के आदेश दिए हैं। यह कमेटी यह पता लगाएगी कि आग कैसे लगी और इस लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी है।
फिलहाल अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आईसीयू वार्ड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
