पंजाब में एक बार फिर चुनावी माहौल बनने जा रहा है। राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत समितियों और जिला परिषद की चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग द्वारा 5 अक्तूबर तक चुनाव करवाने की अपील के बाद उठाया गया है।
मतदाता सूची होगी अपडेट
राज्य चुनाव आयोग ने सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया है कि वे 3 मार्च 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची को 1 सितंबर 2025 की पात्रता तिथि के अनुसार अपडेट करें। आयोग के अनुसार, प्रारंभिक मतदाता सूची 19 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 20 से 27 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। सभी दावों का निपटारा 1 सितंबर तक होगा और 3 सितंबर को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
सभी योग्य लोग दर्ज करवा सकेंगे नाम
राज्य चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र व्यक्ति, जिन्होंने 1 सितंबर 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकें। इसके लिए डिप्टी कमिश्नरों को स्थानीय स्तर पर प्रचार और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों के लिए अहम मुकाबला
आम तौर पर पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में सत्ताधारी दल का दबदबा रहता है। लेकिन इस बार स्थिति अलग है। साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन चुनावों का राजनीतिक महत्व सभी दलों के लिए काफी बढ़ गया है। किसान आंदोलन और भूमि पूलिंग नीति को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार के खिलाफ असंतोष देखने को मिल रहा है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के लिए ये चुनाव विशेष चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।
दावों और आपत्तियों के लिए समयसीमा
आयोग के अनुसार, 19 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा। 20 से 27 अगस्त तक कोई भी व्यक्ति अपने नाम की प्रविष्टि, सुधार या हटाने के लिए आवेदन कर सकेगा। 1 सितंबर तक सभी आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा और 3 सितंबर को संशोधित मतदाता सूची सार्वजनिक की जाएगी।
ग्रामीण विकास विभाग की भूमिका
गौरतलब है कि हाल ही में पंजाब के ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग ने राज्य चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर अपील की थी कि 5 अक्तूबर 2025 तक जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव कराए जाएं। इसके बाद चुनाव आयोग ने चुनाव क्षेत्रों को अंतिम रूप देने और मतदाता सूचियों को अद्यतन करने का काम तेज़ कर दिया है।
