सिडनी के बोंडी बीच पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 लोगों की मौत से दहशत
न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस सेवा के अनुसार, शाम करीब 6:45 बजे (स्थानीय समय) उन्हें बोंडी बीच पर कई लोगों को गोली लगने की सूचना मिली। एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कई घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने घायलों की संख्या की पुष्टि तो की है, लेकिन उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बताया कि घटना के बाद तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया गया। सुरक्षा बलों ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और कई अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बोंडी बीच और आसपास के इलाकों से दूर रहें।
इलाके में भारी सुरक्षा, लोगों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद बोंडी बीच और कैम्पबेल परेड के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कई पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे और कुछ लोग जमीन पर पड़े हुए देखे गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने लगातार गोलियों की आवाज़ सुनी और बड़ी संख्या में लोगों को डर के मारे भागते देखा।
प्रधानमंत्री कार्यालय की प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के कार्यालय ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि सरकार हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है और लोगों से न्यू साउथ वेल्स पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जांच जारी, कई सवाल अब भी बाकी
फिलहाल पुलिस ऑपरेशन जारी है और अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि फायरिंग के पीछे मकसद क्या था और क्या इसमें और लोग शामिल हैं। पूरे सिडनी में इस घटना के बाद चिंता और शोक का माहौल है।
