चंडीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) ने एक बार फिर अंगदान के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करते हुए लगातार दूसरे वर्ष और कुल मिलाकर तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ ROTTO (रीजनल ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन) पुरस्कार अपने नाम किया है। यह सम्मान 15वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
NOTTO के तत्वावधान में हुआ समारोह, केंद्रीय मंत्री ने दी बधाई
यह कार्यक्रम नेशनल ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (NOTTO) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने देश में अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता और नैतिक ट्रांसप्लांट सिस्टम की प्रशंसा की। उन्होंने PGI जैसे संस्थानों की भूमिका को सराहा, जो इस कार्य को सेवा भाव से आगे बढ़ा रहे हैं।
PGI की टीम ने संभाला प्रतिनिधित्व, जताया गर्व
PGIMER से डिप्टी डायरेक्टर डॉ. पंकज राय, मेडिकल सुपरिटेंडेंट व ROTTO नोडल ऑफिसर प्रो. विपिन कौशल और IEC एवं मीडिया सलाहकार सरयू डी. मदरा ने समारोह में भाग लिया। समारोह में देशभर से राज्य सचिव, प्रमुख संस्थानों के अधिकारी, सामाजिक संगठन, एनजीओ और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स भी शामिल हुए।
विपिन कौशल ने कहा – यह जीत है उन परिवारों की, जिन्होंने दिया जीवनदान
प्रो. विपिन कौशल ने कहा कि यह सम्मान उन सभी परिवारों की जीत है जिन्होंने अपने प्रियजनों के अंगदान कर कई अन्य लोगों को जीवन दिया। उन्होंने कहा कि PGI इस मिशन को और आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रोजेक्ट ‘सारथी’ के तहत जागरूकता फैलाने की योजना
डिप्टी डायरेक्टर डॉ. पंकज राय ने इसे संस्था के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि हम चाहते हैं कि अंगदान की जागरूकता को छात्र वॉलंटियर के माध्यम से व्यापक स्तर पर फैलाया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि प्रोजेक्ट ‘सारथी’ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता अभियानों द्वारा समाज में अंगदान की संस्कृति को और मजबूत किया जाएगा।
2019 और 2024 के बाद 2025 में तीसरी बार मिला सम्मान
PGI को यह सम्मान इससे पहले 2019 और 2024 में भी प्राप्त हो चुका है। एक बार फिर यह उपलब्धि हासिल करना PGI की निरंतर प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट सेवाओं का प्रमाण है।
