पंजाब सरकार ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री Balbir Singh ने पहले चरण में 1,100 ‘आम आदमी पिंड क्लीनिक’ शुरू करने की घोषणा की है। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ाकर 2,500 तक करना है, ताकि राज्य के सभी 12,500 गांवों को कवर किया जा सके।
इन पिंड क्लीनिकों का मकसद ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है। यहां मरीजों को प्राथमिक इलाज, जरूरी जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें शहरों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी।
इस योजना की खास बात यह है कि क्लीनिकों में ANM और फार्मासिस्ट मौजूद रहेंगे, जबकि डॉक्टरों से टेली-परामर्श के जरिए संपर्क कराया जाएगा। इससे दूर-दराज के गांवों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह आसानी से मिल सकेगी।
इस पहल से खासतौर पर उन इलाकों को फायदा मिलेगा, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। सरकार का मानना है कि इस योजना से लोगों को समय पर इलाज मिलेगा और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
