दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मैसी इन दिनों भारत दौरे पर हैं। उनके इस खास दौरे को ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ नाम दिया गया है। कोलकाता और हैदराबाद में फैंस का दिल जीतने के बाद अब मैसी अपने भारत दौरे के आखिरी दिन दिल्ली पहुंच रहे हैं। राजधानी में उनके कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है, वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
अरुण जेटली स्टेडियम में फैंस से मिलेंगे मैसी
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में लियोनेल मैसी का फैंस से मिलने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उम्मीद है कि हजारों की संख्या में फुटबॉल प्रेमी उन्हें देखने पहुंचेंगे। इसके अलावा दोपहर के समय मैसी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी प्रस्तावित है, जिसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
इन घंटों में रहेगा ट्रैफिक पर असर
मैसी के कार्यक्रम के चलते दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान डायवर्जन लागू किए हैं और लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
किन सड़कों पर रहेगा ज्यादा असर
कार्यक्रम के कारण इन मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा:
-
जेएलएन मार्ग: राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक
-
आसफ अली रोड: तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक
-
बहादुरशाह ज़फर मार्ग: दिल्ली गेट से आईटीओ/रामचरण अग्रवाल चौक तक
इसके अलावा, भारी वाहनों की एंट्री दरीयागंज से बहादुरशाह ज़फर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड की ओर पूरी तरह बंद रहेगी।
टैक्सी और कैब के लिए खास इंतजाम
ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के लिए एमए मेडिकल कॉलेज (गेट-2) और राजघाट चौक को पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि निजी वाहन कम से कम इस्तेमाल करें।
स्टेडियम में एंट्री के तय गेट
फैंस की सुविधा के लिए स्टेडियम के अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं:
-
गेट 1 से 8: बहादुरशाह ज़फर मार्ग
-
गेट 10 से 15: जेएलएन मार्ग
-
गेट 16 से 18: बहादुरशाह ज़फर मार्ग
पार्किंग को लेकर जरूरी जानकारी
पार्किंग की सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर मुफ्त उपलब्ध रहेगी। स्टेडियम के पास केवल पास या लेबल लगे वाहनों को ही पार्किंग की अनुमति होगी। गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो किया जाएगा।
फैंस के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
-
2 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए टिकट जरूरी
-
QR कोड या टिकट से छेड़छाड़ पर एंट्री नहीं
-
बैग, ड्रोन, कैमरा, लैपटॉप, शराब, छाता और बैनर पर रोक
-
शिशुओं के लिए बेबी फूड और दूध की अनुमति
-
डिजिटल टिकट और फोटो आईडी साथ रखना अनिवार्य
प्रशासन ने फैंस से समय से पहले पहुंचने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
