79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 103 मिनट के अपने संबोधन में 2047 तक एक विकसित, समृद्ध और स्वाभिमान से भरे भारत का विज़न पेश किया। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल देश के लिए निर्णायक होंगे और हर नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।
दिवाली से पहले GST दरों में कटौती का ऐलान
प्रधानमंत्री ने जनता को दिवाली पर बड़ी राहत देने की घोषणा करते हुए कहा कि जीएसटी दरों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नया जीएसटी रिफॉर्म लागू करने की तैयारी है, जिसमें टैक्स स्लैब को तर्कसंगत बनाया जाएगा और रोजमर्रा की जरूरत की कई चीजें सस्ती होंगी। इसके लिए राज्यों से बातचीत चल रही है और एक उच्चस्तरीय कमेटी इस पर काम कर रही है।
‘सुदर्शन चक्र मिशन’ से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी ने महत्वाकांक्षी “सुदर्शन चक्र मिशन” की घोषणा की, जिसका उद्देश्य 2035 तक भारत की सुरक्षा प्रणाली को आधुनिक और सशक्त बनाना है। यह प्रणाली पूरी तरह देश में विकसित होगी और आतंकवादी खतरों के साथ-साथ महत्वपूर्ण नागरिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। पीएम मोदी ने इसे भगवान श्री कृष्ण के सुदर्शन चक्र से प्रेरित बताया और कहा कि यह भारत का अपना “आयरन डोम” होगा।
युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ का रोजगार फंड
पीएम मोदी ने “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” की शुरुआत की, जिसके तहत 1 लाख करोड़ रुपये का फंड बनाया जाएगा। इस योजना से 3.5 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा।
डेमोग्राफिक बदलाव पर चिंता, हाईपावर मिशन का गठन
प्रधानमंत्री ने देश में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए देश की सामाजिक संरचना और आर्थिक अवसरों को प्रभावित कर रहे हैं। इस मुद्दे के समाधान के लिए “हाईपावर डेमोग्राफी मिशन” गठित किया जाएगा, जो आबादी के पैटर्न में हो रहे बदलाव का अध्ययन करेगा।
स्वदेशी जेट इंजन पर जोर
प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से आग्रह किया कि भारत के फाइटर जेट्स के लिए स्वदेशी जेट इंजन विकसित किया जाए, जिससे विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम हो और राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत बने।
न्यूक्लियर ब्लैकमेल को सख्त जवाब
पीएम मोदी ने पड़ोसी देशों द्वारा दी जाने वाली बार-बार की न्यूक्लियर धमकियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भारत अब “न्यूक्लियर ब्लैकमेल” नहीं सहेगा। उन्होंने आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों को मानवता का दुश्मन बताते हुए चेतावनी दी कि अब जवाब कड़ा होगा।
सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तेजी से आगे बढ़ रही है और इसी साल के अंत तक ‘मेड-इन-इंडिया’ चिप्स बाजार में उपलब्ध होंगी। यह भारत की तकनीकी प्रगति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई गति देगी।
