पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीति तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के सांसद Malvinder Singh Kang ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि इस प्रक्रिया के जरिए असली मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है।
वीडियो जारी कर दी चेतावनी
मलविंदर सिंह कंग ने एक वीडियो जारी कर पंजाब के लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की प्रक्रिया के दौरान लाखों वोटरों के नाम हटाए गए थे। कंग ने कहा कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो पंजाब में भी ऐसा हो सकता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।
विदेशी पंजाबी वोटरों को लेकर चिंता
AAP सांसद ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर विदेशों में रहने वाले पंजाबी वोटरों को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि सत्यापन की प्रक्रिया में कई असली मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पंजाब और किसानों की छवि खराब करने की कोशिश की गई और अब वोटर लिस्ट के जरिए लोगों के अधिकारों पर असर डालने की तैयारी हो रही है।
CM भगवंत मान का बड़ा बयान
पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भी साफ कहा है कि राज्य में किसी भी वैध मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी और हर असली वोटर के अधिकार की रक्षा की जाएगी।
