श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार ने विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने अमृतसर में गुरु रविदास जी के जीवन और संदेश पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाने वाली विशेष वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैनों के माध्यम से लोगों तक गुरु साहिब के जीवन, विचारों और समाज सुधार के संदेश को पहुंचाया जाएगा।
6.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर अमृतसर जिले में 6.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और गुरु रविदास जी के प्रकृति प्रेम एवं सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
मैराथन, साइकिल रैली और ड्रोन शो होंगे आकर्षण
जयंती समारोह के तहत कई विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें मैराथन, साइकिल रैली और ड्रोन शो प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि जम्मू से नगर कीर्तन की भी शुरुआत होगी, जो विभिन्न स्थानों से होकर श्रद्धालुओं को गुरु रविदास जी के संदेश से जोड़ने का कार्य करेगा।
