पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो मोस्ट वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पटियाला-अंबाला हाईवे पर गांव शंभू के पास की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को लंबे समय से तलाशा जा रहा था।
नेपाल से लौटकर करने वाले थे सनसनीखेज वारदात
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी एक हत्या के बाद नेपाल भाग गए थे। विदेश में बैठे गैंग हैंडलर्स के निर्देश पर वे हाल ही में पंजाब लौटे थे, जहां वे एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर अपराधों के केस
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात में उनके खिलाफ 15 से ज्यादा गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, हथियार एक्ट समेत कई संगीन धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा, वे हाल ही में फाजिल्का में हुए भरत रतन उर्फ विक्की मर्डर केस में भी वांटेड थे।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से एक ग्लॉक 9mm पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में एसएएस नगर स्थित स्टेट क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्ती जारी
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। एजीटीएफ की इस कार्रवाई को पंजाब में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
