पंजाब की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित एडॉप्शन रेगुलेशंस-2022 पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों के जिला मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारी तथा स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और प्रभावी बनाना था।
2025-26 में 30 बच्चों को मिला नया परिवार
इस अवसर पर डॉ. बलजीत कौर ने समाज कल्याण विभाग की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान 30 बच्चों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद दिलाया गया। इनमें 22 बड़े बच्चों को भी परिवार मिले, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण परिवार मिल सके।
सभी जिलों में एडॉप्शन एजेंसियां स्थापित करने वाला पहला राज्य बना पंजाब
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सभी जिलों में स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम बच्चों के बेहतर भविष्य और पारदर्शी दत्तक ग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा।
‘ऑपरेशन जीवन ज्योत’ से बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बच्चों के कल्याण के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन जीवन ज्योत’ के तहत बाल भिक्षावृत्ति को समाप्त करने के लिए राज्यभर में प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और पुनर्वास उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य देने पर जोर
कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि “बचपन एक कोरा कागज है और समाज की जिम्मेदारी है कि उस पर एक अच्छी कहानी लिखी जाए।” उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, स्नेह और सम्मान का अधिकार है। पंजाब सरकार इसी सोच के साथ दत्तक ग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने और बाल संरक्षण से जुड़े सभी प्रयासों को लगातार आगे बढ़ा रही है।
