पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में औद्योगिक माहौल में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि अब तक पंजाब में करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है, जिससे राज्य भर में पांच लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। यह उपलब्धि पंजाब को निवेशकों के लिए पसंदीदा राज्य और एक मजबूत औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
पिछले पांच महीनों में बड़े निवेश
उद्योग मंत्री ने जानकारी दी कि बीते पांच महीनों में कई नामी कंपनियों ने पंजाब में बड़े निवेश किए हैं। एचपीसीएल मित्तल एनर्जी लिमिटेड ने 2,600 करोड़ रुपये, वर्धमान स्टील्स ने 3,000 करोड़ रुपये, ट्राइडेंट ग्रुप ने 2,000 करोड़ रुपये और आईओएल केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स ने 1,400 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा हैप्पी फोर्जिंग्स लिमिटेड ने 1,000 करोड़, वेरका बेवरेजेस ने 987 करोड़, फोर्टिस हेल्थकेयर मोहाली ने 500 करोड़ और टोपन स्पेशलिटी फिल्म्स ने 285 करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की है।
इंडस्ट्री फ्रेंडली नीतियों पर जोर
संजीव अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार सभी औद्योगिक मंजूरियां 5 से 45 दिनों के भीतर देने पर काम कर रही है। पंजाब को बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान 2024 के तहत “टॉप अचीवर” का दर्जा मिला है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दिखाता है। व्यापारियों और उद्योगपतियों को राहत देते हुए वन-टाइम स्टाम्प ड्यूटी लागू की गई है और इक्विटेबल मॉर्गेज पर रजिस्ट्रेशन फीस को काफी कम किया गया है।
निवेश को आसान बनाने की पहल
उन्होंने बताया कि पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट में बदलाव के बाद अब 5 से 18 दिनों में इन-प्रिंसिपल अप्रूवल मिल रहा है। अब तक करीब 2,000 यूनिट्स को ऐसी मंजूरी दी जा चुकी है। इसके साथ ही CLU प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है ताकि उद्योगों को तेजी से जमीन से जुड़ी मंजूरी मिल सके।
नई औद्योगिक नीति की तैयारी
उद्योग मंत्री ने कहा कि सेक्टर आधारित नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी तैयार की जा रही है, जिसे जनवरी 2026 तक जारी किया जाएगा। इसके लिए 24 विशेष सेक्टर कमेटियां बनाई गई हैं, जिनमें उद्योग जगत के विशेषज्ञ शामिल हैं। सरकार ने “राइजिंग पंजाब – सुझावों से समाधान तक” सीरीज़ शुरू कर उद्योगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की है।
भविष्य की योजनाएं
उन्होंने बताया कि 6वां पंजाब प्रोग्रेसिव इन्वेस्टर्स समिट 2026, 13 से 15 मार्च को मोहाली में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री के जापान और दक्षिण कोरिया दौरे से भी विदेशी निवेश आने की उम्मीद है। संजीव अरोड़ा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को रोजगार, विकास और निवेश का मजबूत केंद्र बनाना है, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकें।
