पंजाब में बाढ़ से मची तबाही के बीच गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने गुरदासपुर और अमृतसर ज़िलों के सबसे प्रभावित 10 गांवों को गोद लिया है। दिलजीत अब एनजीओज़ और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इन गांवों में खाने-पीने का सामान, साफ पानी और दवाइयों जैसी ज़रूरी चीज़ें पहुंचा रहे हैं। साथ ही, वह लंबे समय के लिए पुनर्निर्माण की योजना भी बना रहे हैं। उनकी टीम ने इंस्टाग्राम पर लिखा— “Together, we can rebuild” यानी “हम सब मिलकर फिर से खड़े होंगे।”
सोनम बाजवा और संजय दत्त भी आए आगे
दिलजीत के बाद अन्य सितारे भी बाढ़ पीड़ितों की मदद में हाथ बढ़ा रहे हैं। अभिनेत्री सोनम बाजवा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह हर संभव सहायता करने की कोशिश कर रही हैं और लोगों से भी अपील की कि वे मदद के लिए योगदान दें। उन्होंने कहा— “हर छोटी से छोटी मदद भी किसी की ज़िंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है।”
वहीं, अभिनेता संजय दत्त ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही बेहद दर्दनाक है। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए दुआएं भेजीं और भरोसा दिलाया कि वह हर तरह की मदद के लिए तैयार हैं।
एमी विर्क ने अपनाए 200 घर
लोकप्रिय गायक-अभिनेता एमी विर्क ने घोषणा की है कि वह और उनकी टीम 200 घर गोद ले रहे हैं। उनका कहना है कि यह केवल “छत” देने की बात नहीं है, बल्कि लोगों को उम्मीद और सम्मान देकर नई शुरुआत करने की कोशिश है।
हिमाांशी खुराना भी जुड़ीं राहत अभियान से
पंजाबी अभिनेत्री-गायिका हिमाांशी खुराना ने भी राहत मिशन में हिस्सा लिया है। उन्होंने 10 परिवारों को पुनर्वास में मदद करने का वादा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा— “इस मुश्किल घड़ी में हमें मिलकर रास्ता निकालने की ज़रूरत है। हम पंजाबी हमेशा अपने पंजाब के साथ खड़े हैं।”
सरकारी आंकड़े चौंकाने वाले
पंजाब के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री एच. हरदीप सिंह मुंडियां ने जानकारी दी कि अब तक 12 ज़िलों में बाढ़ से 2.56 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से 15,688 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वर्तमान में 129 राहत शिविरों में 7,144 लोग रह रहे हैं।
सबसे अधिक बेघर परिवार फिरोज़पुर, फ़ाज़िल्का और गुरदासपुर से हैं, जहां स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
