पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान व्यक्तिगत रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन किसानों और परिवारों को फसलों व संपत्ति का नुकसान हुआ है, उनकी पूरी भरपाई सरकार करेगी। इसके लिए सुल्तानपुर और भुलत्थ तहसील में विशेष गिरदावरी करवाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
ब्यास नदी में बढ़े पानी से कई गाँव प्रभावित
गोयल ने सुल्तानपुर लोधी के गाँवों का दौरा किया, जहाँ ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूरी तरह अलर्ट है और डैमों व नदियों की स्थिति पर 24 घंटे नज़र रखी जा रही है। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल, आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज और नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला के चेयरमैन सज्जन सिंह चीमा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
आठ कैबिनेट मंत्रियों को सौंपी गई ज़िम्मेदारी
मंत्री गोयल ने जानकारी दी कि राहत कार्यों की निगरानी के लिए पंजाब सरकार ने आठ कैबिनेट मंत्रियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। ये मंत्री अलग-अलग ज़िलों का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों तक सीधी मदद पहुँचाएंगे। गोयल स्वयं भी नाव के जरिए गाँव सांगरा पहुँचे और वहाँ प्रभावित परिवारों को सूखा राशन वितरित किया।
राहत और सुरक्षा पर 24 घंटे निगरानी
मंत्री ने कहा कि सरकार हालात पर लगातार निगरानी रख रही है और ज़रूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिवार को मुश्किल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक
राहत कार्यों की समीक्षा के लिए गोयल ने स्थानीय रेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल, एसएसपी गौरव तूरा, मुख्य इंजीनियर ड्रेनेज हरदीप सिंह महिंदीरत्ता और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राहत कार्यों की प्रगति और ज़रूरी कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी शामिल
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल्ल, एसडीएम अल्का कालिया, डीएसपी हरगुरदेव सिंह, नायब तहसीलदार गौरव बांसल, सब रजिस्ट्रार गुरविंदर सिंह विरक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और समाजसेवी बाबा सुरजीत सिंह शांति सीचेवाल, दया सिंह, पाल सिंह नौली आदि भी मौजूद रहे।
किसानों और लोगों को दिलाया भरोसा
बरिंदर गोयल ने कहा कि सरकार किसानों और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। नुकसान का आकलन पूरी पारदर्शिता से होगा और मुआवज़ा जल्द दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन के साथ सहयोग करें।
