पंजाब सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके अपने जिले और क्षेत्र में आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, अत्याधुनिक अस्पताल और जिला स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण एवं आधुनिकीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार, पंजाब में मेडिकल शिक्षा और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई नए मेडिकल संस्थान विकसित किए जा रहे हैं। कपूरथला में लगभग ₹275 करोड़ की लागत से श्री गुरु नानक देव जी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और 300 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के अंतर्गत करीब ₹274 करोड़ की लागत से 300 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है। सरकार की योजना संगरूर, मालेरकोटला और लुधियाना सहित राज्य में कुल सात नए मेडिकल संस्थान स्थापित करने की भी है।
नए अस्पतालों के साथ-साथ मौजूदा जिला और उप-मंडलीय अस्पतालों का भी व्यापक स्तर पर नवीनीकरण किया जा रहा है। हाल ही में धुरी सिविल अस्पताल में 80 नए बिस्तरों और मदर एंड चाइल्ड ब्लॉक से युक्त नई इमारत का उद्घाटन किया गया है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। वहीं धरमकोट में 50 बिस्तरों वाले नए सब-डिविजनल अस्पताल की आधारशिला रखी गई है। इसके अलावा संगरूर जिले के गांव चीमा में 30 बिस्तरों वाले आधुनिक संत अतर सिंह महाराज अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
सरकार का कहना है कि अस्पतालों में केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई मशीनें, अत्याधुनिक लैब, डिजिटल एक्स-रे और अन्य आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा रहा है।
इसके समानांतर पूरे राज्य में ‘आम आदमी क्लीनिक’ भी प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इन क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक मुफ्त प्राथमिक उपचार, जांच, दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का मानना है कि आधुनिक अस्पतालों, नए मेडिकल संस्थानों और आम आदमी क्लीनिकों के विस्तार से पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
