पंजाब सरकार ने राज्य के कमजोर वर्गों, विधवाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग व्यक्तियों के कल्याण के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के दौरान सरकार ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 3624.46 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। यह कदम समाज के हर वर्ग तक आर्थिक मदद पहुंचाने की दिशा में सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
सभी योजनाओं के लिए तय हुआ 6175 करोड़ का बजट
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2025–26 के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 6175 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी लाभार्थी को सहायता राशि पाने में देरी न हो और सभी योजनाएं सुचारू रूप से चलती रहें।
बुजुर्ग, विधवा, बच्चे और दिव्यांगों को मिला लाभ
मंत्री ने बताया कि बुजुर्ग पेंशन योजना के तहत अब तक 2400.70 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है, जबकि इस योजना के लिए कुल 4100 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
इसी तरह, विधवा और आश्रित महिलाओं को वित्तीय सहायता के रूप में 693.04 करोड़ रुपए, आश्रित बच्चों को 242.77 करोड़ रुपए, और दिव्यांग व्यक्तियों को 287.95 करोड़ रुपए की सहायता दी गई है।
इन सभी योजनाओं के तहत अब तक कुल 1223.65 करोड़ रुपए की राशि पात्र लाभार्थियों तक पहुँच चुकी है।
2075 करोड़ का बजट कमजोर वर्गों के लिए सुरक्षित
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इन योजनाओं के लिए सरकार ने 2075 करोड़ रुपए का अलग से बजट प्रावधान किया है। वर्तमान में राज्य के 34.78 लाख से अधिक लोग इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पारदर्शिता पर जोर
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि हर योग्य लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पहुँचना चाहिए।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “सरकार का हर कदम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में है।”
