अमृतसर जिले के गांव तलवंडी का 8 वर्षीय बच्चा अभिजोत सिंह इस समय किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। परिवार की परेशानियों को सामने लाने वाली एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस वीडियो को देखने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत बच्चे के इलाज का जिम्मा अपने हाथ में लिया।
मुख्यमंत्री का ट्वीट, “हर संभव मदद की जाएगी”
मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट कर कहा कि, “श्री अमृतसर साहिब के गांव तलवंडी के निवासी 8 साल के अभिजोत सिंह किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। आज उनके परिवार का वीडियो सामने आया है। सरकार की ओर से बच्चे के इलाज के लिए हर संभव मदद की जाएगी। हम राज्य के किसी भी व्यक्ति को इलाज और दवाई के मामले में वंचित नहीं रहने देंगे।”
इलाज और दवाई में कोई कमी नहीं होगी
सीएम ने साफ कहा कि पंजाब सरकार हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ी है और किसी को भी इलाज के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा। सरकार की ओर से यह भरोसा अभिजोत के परिवार के लिए राहत भरा कदम साबित होगा।
पंजाब सरकार का यह फैसला उन तमाम परिवारों के लिए उम्मीद जगाने वाला है जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अपने बच्चों के इलाज को लेकर चिंतित रहते हैं।
