पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि आज 11 दिसंबर शाम 5:30 बजे भारत की महिला क्रिकेट टीम की पंजाब से जुड़ी खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुल्लांपुर स्थित नए क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।
पंजाब की बेटियों को मिलेगा खास सम्मान
सम्मान समारोह में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, खिलाड़ी अमनजोत कौर, हरलीन कौर दियोल और टीम के कोचिंग स्टाफ को पंजाब सरकार की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी खिलाड़ी राज्य का गौरव हैं और पूरे देश के लिए प्रेरणा भी।
स्टेडियम में दो स्टैंड का होगा उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान नए स्टेडियम में युवराज सिंह और हरमनप्रीत कौर के नाम पर बनाए गए दो विशेष स्टैंड का उद्घाटन भी किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन खिलाड़ियों के योगदान को सम्मानित करना युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में “चक दे इंडिया” कहते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की।
