पंजाब सरकार का स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम, हर जिले से डॉक्टरों को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग
पंजाब की मान सरकार लगातार राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। इस दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने एक बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बेहद जरूरी है और इसी उद्देश्य से कई नई पहलें शुरू की जा रही हैं।
हर जिले से 2 डॉक्टरों को मिलेगी मास्टर ट्रेनिंग
सरकार ने फैसला किया है कि हर जिले से 2-2 डॉक्टरों को “मास्टर ट्रेनर” के रूप में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये डॉक्टर आगे चलकर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संस्थानों की निगरानी और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाएंगे। इससे ना सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि जमीनी स्तर पर पारदर्शिता और गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
प्रबंधन कौशल के लिए SMOs की ट्रेनिंग
इसके अलावा, राज्य के 28 सीनियर मेडिकल ऑफिसरों (SMOs) को प्रबंधन की उच्च स्तरीय ट्रेनिंग के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIM अहमदाबाद भेजा गया है। यह प्रशिक्षण उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के कुशल संचालन और बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा। यह पहला मौका है जब पंजाब में इस तरह का बड़ा प्रबंधकीय प्रशिक्षण स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया जा रहा है।
AIIMS दिल्ली में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की ट्रेनिंग
मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। पंजाब सरकार ने मनोरोग विशेषज्ञों को AIIMS दिल्ली के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर (NDDTC) में खास ट्रेनिंग दिलवाई है। यह ट्रेनिंग नशा मुक्ति और मानसिक बीमारियों के इलाज में प्रभावी साबित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, जवाबदेह और प्रभावशाली बनाना है। सरकार चाहती है कि आम जनता को बेहतर इलाज, समय पर सेवाएं और प्रशिक्षित स्टाफ मिले।
यह योजनाएं आने वाले समय में पंजाब को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक रोल मॉडल बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी।
