पंजाब में अब सरकारी स्कूलों के छात्र भी उद्यमी (एंटरप्रेन्योर) बनने की राह पर चल पड़े हैं। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि पंजाब सरकार की पहल पर पहली बार IIT रोपड़ में ‘बिज़नेस ब्लास्टर्स एक्सपो’ आयोजित किया जा रहा है। इसमें सरकारी स्कूलों की 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र भाग लेंगे और अपने बनाए हुए बिज़नेस आइडिया को बड़े निवेशकों और उद्यमियों के सामने पेश करेंगे, ठीक शार्क टैंक जैसे मंच पर।
क्या है बिज़नेस ब्लास्टर्स एक्सपो?
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि इस एक्सपो का मकसद छात्रों को सिर्फ शिक्षा तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव, फंडिंग, मार्केटिंग और प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे ज़रूरी हुनर सिखाना है। यह एक्सपो विद्यार्थियों को असली व्यापार की दुनिया से जोड़ने वाला है, जहां उन्हें निवेशकों से सीधी बातचीत करने और अपने उत्पादों को बेचने का मौका मिलेगा।
7000 से ज़्यादा टीमों को मिली सीड फंडिंग
बैंस ने बताया कि अब तक 7000 से अधिक छात्र टीमों को उनके बिज़नेस आइडिया शुरू करने के लिए 16-16 हजार रुपए की शुरुआती सीड फंडिंग दी गई है। इन टीमों को अध्यापकों और विशेषज्ञों की सलाह से अपने उत्पाद और सेवाएं विकसित करने में मदद मिली है। एक्सपो में करीब 40 टीमों को अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
छात्रों के दमदार प्रोजेक्ट्स
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षा मंत्री ने कुछ खास टीमों और उनके प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी, जो पहले ही मार्केट में सक्रिय हैं:
- रूपनगर की ‘क्रिएटिव गर्ल्ज़’ टीम ने रेजिन से बने कोस्टर, किचन और कैंडल मोल्ड्स तैयार किए हैं। ये पहले ही 250 यूनिट बेच चुकी हैं।
- पठानकोट की एक टीम ने ‘ई-मोशन बाइक’ बनाई है, जो एक चार्ज होने वाली इलेक्ट्रिक साइकिल है। यह शहरी क्षेत्रों के लिए सुविधाजनक और ऊर्जा कुशल है।
- बठिंडा की टीम ने ‘हर्बल साइन’ नाम से रासायन-मुक्त हर्बल शैम्पू तैयार किया है। अब तक 80 से ज्यादा यूनिट बिक चुके हैं और कस्टमर्स का रिस्पॉन्स शानदार रहा है।
- फिरोज़पुर की टीम ने ‘डिफेंड-एक्स स्टिक’ बनाई है, जिसमें एलईडी लाइट, शॉक डिवाइस और छुपा हुआ ब्लेड है। यह महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
- मोगा की टीम ने ‘बी.बी. चोको ड्रीम्ज़’ नाम से प्रिज़र्वेटिव-फ्री चॉकलेट्स तैयार की हैं और अभी तक 4000 रुपये से ज़्यादा का मुनाफ़ा कमा चुकी हैं।
उद्यमिता की शुरुआत स्कूल से
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब सरकार की दृष्टि का हिस्सा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार छात्रों में शुरू से ही उद्यमी सोच विकसित कर रही है, ताकि भविष्य में वे नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बन सकें।
उन्होंने कहा, “भारत तभी तेज़ी से तरक्की करेगा जब आर्थिक विकास और कारोबार को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए स्कूल स्तर से ही तैयारी शुरू करना जरूरी है।”
‘बिज़नेस ब्लास्टर्स एक्सपो’ पंजाब के सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए एक अनोखा मंच है, जो उन्हें आत्मनिर्भर और नवाचारी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह पहल न केवल छात्रों को व्यावहारिक दुनिया से जोड़ रही है, बल्कि आने वाले समय में नई पीढ़ी के स्टार्टअप लीडर तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
– एक राज्य, एक सोच – स्कूली शिक्षा से सीधे स्टार्टअप की ओर!
