पंजाब सरकार ने समाज के कमजोर वर्गों, खासकर विधवा और निराश्रित महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। समाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में सरकार ने अब तक ₹693.04 करोड़ की राशि इन महिलाओं के हित में जारी की है।
मंत्री ने बताया कि इस समय राज्य की 6 लाख 65 हजार 994 महिलाएं समाजिक सुरक्षा योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त कर रही हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहारा देने के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का भी एक सराहनीय प्रयास है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार का मकसद सिर्फ महिलाओं को मदद देना नहीं, बल्कि उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हर महिला आदर और सम्मान के साथ जीवन जिए, इसलिए इस योजना को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से लागू किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए कुल ₹1170 करोड़ का बजट रखा है, जिससे न केवल विधवा और निराश्रित महिलाओं को राहत मिलेगी, बल्कि उन्हें अपने जीवन में नए अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह फंड महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता देने, उनकी जरूरतें पूरी करने और समाज में आत्मविश्वास के साथ खड़े होने में मदद करेगा।
डॉ. बलजीत कौर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस योजना को जमीनी स्तर पर सही ढंग से लागू किया जाए, ताकि हर पात्र महिला तक इसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि किसी भी लाभार्थी को योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए और फंड वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
मंत्री ने आगे कहा कि सरकार का विज़न केवल सहायता राशि तक सीमित नहीं है। सरकार महिलाओं के लिए रोज़गार, शिक्षा, और आत्मनिर्भरता से जुड़ी नई योजनाओं पर भी काम कर रही है। उनका कहना है कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी समाज और राज्य की असली प्रगति संभव होगी।
इस पहल से पंजाब में हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और उन महिलाओं को नया आत्मविश्वास मिलेगा जो अब तक समाज में किनारे पर थीं। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर जरूरतमंद महिला को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का पूरा लाभ मिले।
