पंजाब के GST राजस्व में इस साल अगस्त के दौरान अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा के अनुसार अगस्त 2026 में राज्य का शुद्ध GST राजस्व 2,406.33 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल अगस्त में यह आंकड़ा 2,151.63 करोड़ रुपये था। यानी एक साल में करीब 254.70 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो 11.84 प्रतिशत है।
GST के साथ-साथ SGST की नकद वसूली में भी बड़ा उछाल देखने को मिला। अगस्त 2025 में यह 750.37 करोड़ रुपये थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 891.24 करोड़ रुपये हो गई। इसमें 140.87 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई, यानी SGST कैश कलेक्शन 18.77 प्रतिशत बढ़ा। मंत्री के मुताबिक यह प्रमुख राज्यों में अगस्त महीने की सबसे ज्यादा SGST नकद वृद्धि रही।
अप्रैल से अगस्त 2026 तक पंजाब का कुल GST राजस्व 12,861.42 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 10,971.62 करोड़ रुपये था। इस तरह पांच महीनों में करीब 1,889.80 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली हुई और वृद्धि लगभग 17 प्रतिशत रही।
दूसरी ओर, सरकार ने GST चोरी के खिलाफ कार्रवाई भी तेज की है। मंडी गोबिंदगढ़ में 20 अगस्त को कथित GST चोरी के मामले में तीन FIR दर्ज की गईं। इसके अलावा एक संदिग्ध फर्जी रिफंड नेटवर्क की जांच में 1 करोड़ रुपये नकद बरामद करने और करीब 18 लाख रुपये का बैंक बैलेंस फ्रीज करने की जानकारी दी गई। लगभग 5 करोड़ रुपये के रिफंड आवेदन भी सत्यापन तक रोक दिए गए हैं।
