पंजाब में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब थैलेसीमिया के मरीजों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। राज्य सरकार ने बोनमैरो ट्रांसप्लांट (BMT) के लिए 10 लाख रुपये का खर्च खुद उठाने का फैसला लिया है। इस फैसले से सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने इस इलाज के लिए सी.एम.सी. लुधियाना में एक कंपनी के साथ समझौता किया है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मरीजों को पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। थैलेसीमिया से प्रभावित राज्य में एक हजार से ज्यादा मरीज हैं, और इन मरीजों के लिए 24 केंद्र राज्यभर में स्थापित किए गए हैं।
पहले थैलेसीमिया के मरीजों को नियमित रूप से खून चढ़वाने की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब बोनमैरो ट्रांसप्लांट के बाद मरीजों को खून की अतिरिक्त खुराक की आवश्यकता नहीं होगी। बोनमैरो ट्रांसप्लांट से मरीज का शरीर नया खून बनाने में सक्षम हो जाता है, और इससे मरीज का जीवन आसान हो जाएगा।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से थैलेसीमिया से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें इलाज की उच्च लागत के बोझ से निजात मिलेगी। पंजाब सरकार का यह कदम उन परिवारों के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर आया है, जो लंबे समय से थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस फैसले से अब मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और उनके जीवन में सुधार होगा।
