पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। अभियान के 501वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्य के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाकर 44 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 805 ग्राम हेरोइन, 561 नशीली गोलियां और 21,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पंजाब पुलिस ने केवल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों के पुनर्वास पर भी जोर दिया। अभियान के दौरान 23 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान में सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को नशामुक्त जीवन की ओर लौटाने के प्रयास भी लगातार जारी रहेंगे।
