‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान का 168वां दिन, पंजाब पुलिस ने 597 लोगों को किया गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के तहत राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ व्यापक कार्रवाई जारी रखी। अभियान के 168वें दिन पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। इस अभियान का उद्देश्य राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
1070 रेड, 597 गिरफ्तारियां और हथियार बरामद
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, एक दिन में कुल 1070 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 597 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11 घोषित अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान 10 हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
अभियान में अब तक 45 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 45,263 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पंजाब पुलिस का कहना है कि लगातार चल रही कार्रवाई के कारण कई आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर असर पड़ा है और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
गैंगस्टर नेटवर्क खत्म करने पर पूरा जोर
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य को सुरक्षित बनाने और गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि गैंगस्टरों या आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को गुमनाम रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
