पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती 2026 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। विभाग ने 3,298 कॉन्स्टेबल पदों के लिए होने वाली भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। जारी सूचना के अनुसार, कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जल्द ही जारी किए जाएंगे।
उम्मीदवारों को दी गई अहम सलाह
पंजाब पुलिस भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी ताजा जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। परीक्षा केंद्र, शिफ्ट और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी भी वेबसाइट के माध्यम से जारी की जाएगी।
मार्च में निकली थी भर्ती
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने मार्च 2026 में कॉन्स्टेबल भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 3,298 पदों को भरा जाना है। इनमें डिस्ट्रिक्ट कैडर के 2,522 पद और आर्म्ड कैडर के 776 पद शामिल हैं। राज्यभर के हजारों युवाओं ने इन पदों के लिए आवेदन किया है।
आवेदन की तारीख बढ़ने से बढ़ी संख्या
शुरुआत में आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी। हालांकि बाद में उम्मीदवारों की मांग को देखते हुए आवेदन लिंक दोबारा सक्रिय किया गया और अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 मई 2026 कर दी गई। इसके चलते बड़ी संख्या में अतिरिक्त उम्मीदवारों को आवेदन करने का मौका मिला और कुल आवेदनों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
युवाओं में बढ़ा उत्साह
परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। अब उम्मीदवार परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं और एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
