पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। हाल ही में राजस्थान से ऋतिक नारोलिया और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही पर जांच आगे बढ़ी।
फरार होने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों के खुलासे के आधार पर पुलिस ने उनके सहयोगियों को भी धर दबोचा। इनमें विशवजीत को कोलकाता से उस समय पकड़ा गया जब वह मलेशिया भागने की फिराक में था। वहीं दूसरा आरोपी जैकसन को नकोदर से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों की गिरफ्तारी से पुलिस को एक 86P हैंड ग्रेनेड बरामद करने में सफलता मिली।
कनाडा से मिल रहे थे निर्देश
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मॉड्यूल कनाडा में बैठे बीकेआई के मास्टरमाइंड ज़ीशान अख्तर और अजय गिल के इशारों पर काम कर रहा था। इनकी साजिश के तहत हाल ही में दो हैंड ग्रेनेड ब्यास से इनके सहयोगियों ने हासिल किए थे।
शराब की दुकान पर हुआ था धमाका
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में हासिल किए गए दो ग्रेनेड में से एक का इस्तेमाल एसबीएस नगर की शराब की दुकान पर धमाका करने के लिए किया गया था। यह घटना करीब दस दिन पहले हुई थी। जबकि दूसरा ग्रेनेड पुलिस ने अब बरामद किया है।
विशेष सेल में दर्ज हुआ केस
इस मामले में पुलिस ने स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच जारी है।
पंजाब पुलिस का सख्त संदेश
पंजाब पुलिस ने साफ कहा है कि राज्य में आतंक फैलाने की हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा। पुलिस आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध पर नकेल कसने और राज्य में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
