पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अभियान के 433वें दिन पंजाब पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्य के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने इस दौरान 72 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
भारी मात्रा में नशा बरामद
पंजाब पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान 5.9 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा 10 किलोग्राम पोस्त के छिलके और 292 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि नशे के धंधे से कमाए गए 1000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की जांच भी जारी है।
नशा छोड़ने के लिए भी किया प्रेरित
पंजाब पुलिस ने बताया कि सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लोगों को नशे से बाहर निकालने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के दौरान 10 लोगों को नशा-मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकार और पुलिस का उद्देश्य सिर्फ तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से बचाकर उन्हें सामान्य जीवन की तरफ वापस लाना भी है।
लगातार जारी अभियान
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
