पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को मोहाली स्थित आरटीओ दफ्तर और सेक्टर-82 के ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का अचानक दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे कामों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
मंत्री भुल्लर ने कहा कि बहुत जल्द आरटीओ दफ्तर की सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को दफ्तर के चक्कर लगाने की बजाय घर बैठे सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने दफ्तर में लोगों से बात कर उनकी समस्याएं जानी और वहीं मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
जनता से सीधा संवाद
मंत्री ने पब्लिक काउंटरों पर जाकर कर्मचारियों से बातचीत की और वहां मौजूद आम नागरिकों से भी मुलाकात की। लोगों ने आरटीओ दफ्तर में हो रहे काम, कर्मचारियों के व्यवहार और सहयोग की तारीफ की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यक्ति को ट्रांसपोर्ट संबंधित कार्य करवाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर
भुल्लर ने कहा कि सरकार का मकसद प्रशासनिक पारदर्शिता और कामकाज में सुधार लाना है। उन्होंने आरटीओ कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर की जांच की, जिसमें सभी अधिकारी और कर्मचारी 100% उपस्थित पाए गए।
टैक्स प्रणाली की जांच
परिवहन मंत्री ने टैक्स कलेक्शन सिस्टम की भी समीक्षा की और कहा कि जिन लोगों ने वाहन कर (टैक्स) नहीं भरा है या जिनके दस्तावेज अधूरे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों के चालान भी किए जाएंगे।
आधुनिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की जांच
मंत्री भुल्लर ने नए तकनीक से बने ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का भी निरीक्षण किया। यह ट्रैक पूरी तरह से CCTV कैमरों से लैस है और इसमें नई “हैम्ज़ तकनीक” अपनाई गई है, जिससे कोई भी व्यक्ति किसी और की जगह टेस्ट नहीं दे सकता।
इस ट्रैक पर दोपहिया वाहनों की पास दर 82% और चारपहिया वाहनों की पास दर 40% रही है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी, क्योंकि सिर्फ योग्य चालक ही ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे।
पूरे पंजाब में लागू होगी नई व्यवस्था
मंत्री ने कहा कि इस तरह की पारदर्शी और तकनीकी व्यवस्था को आने वाले समय में पंजाब के सभी ड्राइविंग टेस्ट ट्रैकों पर लागू किया जाएगा, जिससे पूरे राज्य में ड्राइविंग लाइसेंस प्रणाली अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, आरटीओ राजपाल सिंह सेखों, ज़िला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह दौरा न सिर्फ व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए था, बल्कि यह भी दिखाता है कि सरकार आम जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
