मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख (Mankirat Aulakh) एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार कारण उनकी नई गाने की रिलीज़ नहीं बल्कि उन्हें मिली जान से मारने की धमकी है। गायक को एक विदेशी नंबर से मैसेज मिला है, जिसमें न केवल उन्हें बल्कि उनके परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे शब्दों से दहशत
मिले मैसेज में बेहद खौफनाक शब्द लिखे गए हैं। धमकी देने वाले ने लिखा— “तैयारी कर ले पुत्रा, तेरा टाइम आ गया। चाहे तेरी जठानी होवे, चाहे तेरा बच्चा, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। पुत्र, तेरा नंबर लगना ही है।” संदेश के अंत में यह भी कहा गया कि यह मजाक नहीं बल्कि असली चेतावनी है और अब देखना कि तेरे साथ क्या होता है। इस मैसेज ने गायक और उनके चाहने वालों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
मनकीरत औलख ने तुरंत पुलिस को इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि, फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने धमकी देने वाले नंबर और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब औलख को ऐसी धमकी मिली है। साल 2022 में उन्हें गैंगस्टर दविंदर बंबीहा ग्रुप की ओर से फेसबुक पर सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस पोस्ट में साफ लिखा गया था— “सिर्फ 10 मिनट का फर्क रिबा, नहीं तो सीधे स्वर्ग जाएगा।” उस समय भी मामला सामने आते ही मोहाली पुलिस हरकत में आई थी और उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी।
समाज सेवा में भी सक्रिय हैं औलख
गौरतलब है कि मनकीरत औलख सिर्फ एक लोकप्रिय गायक ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के कामों में भी सक्रिय रहते हैं। उनकी लोकप्रियता और सामाजिक पहचान की वजह से उन्हें बार-बार गैंगस्टरों के निशाने पर लिया जा रहा है।
पुलिस सतर्क, सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच गहराई से की जा रही है। धमकी के गंभीर स्वरूप को देखते हुए औलख की सुरक्षा को और मजबूत किए जाने पर विचार किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी कीमत पर पंजाब की शांति और कलाकारों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
