नीति आयोग की 2026 स्कूल शिक्षा रिपोर्ट में पंजाब ने शुरुआती शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के अनुसार पंजाब ने भाषा, गणित, डिजिटल शिक्षा और स्कूल सुविधाओं के मामले में कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह रही कि शुरुआती शिक्षा के स्तर पर पंजाब ने केरल से भी बेहतर स्कोर हासिल किया है।
भाषा और गणित में पंजाब के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
रिपोर्ट के मुताबिक कक्षा 3 के भाषा टेस्ट में पंजाब के छात्रों ने 82 प्रतिशत स्कोर हासिल किया, जबकि केरल का स्कोर 75 प्रतिशत रहा। वहीं गणित में पंजाब 78 प्रतिशत के साथ आगे रहा और केरल 70 प्रतिशत पर रहा।
कक्षा 9 के गणित परिणामों में भी पंजाब ने कई राज्यों को पीछे छोड़ा। रिपोर्ट में कहा गया कि कोरोना महामारी के बाद भी पंजाब में सीखने के स्तर में सुधार देखने को मिला है।
डिजिटल शिक्षा में भी पंजाब मजबूत
नीति आयोग की रिपोर्ट में पंजाब की डिजिटल सुविधाओं को भी काफी मजबूत बताया गया है। राज्य के लगभग 99.9 प्रतिशत स्कूलों में बिजली की सुविधा उपलब्ध है। वहीं 99 प्रतिशत स्कूलों में कंप्यूटर मौजूद हैं।
इसके अलावा 80 प्रतिशत से ज्यादा स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा दी गई है। इंटरनेट सुविधा के मामले में भी पंजाब ने कई राज्यों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
छात्र-शिक्षक अनुपात और स्कूल सुविधाओं में सुधार
रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में छात्र-शिक्षक अनुपात पहले से बेहतर हुआ है। 10वीं से 11वीं कक्षा में जाने वाले छात्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूलों में डिजिटल सुविधाएं बढ़ने से बच्चों की पढ़ाई में काफी मदद मिली है।
