आज के दौर में गाड़ियां सिर्फ़ सफर का साधन नहीं रहीं बल्कि हाई-टेक गैजेट बन चुकी हैं। हर नई लॉन्च में कंपनियां एडवांस्ड फीचर्स और टेक्नोलॉजी पेश कर रही हैं। ये फीचर्स जहां ड्राइविंग को आसान और सुविधाजनक बनाते हैं, वहीं कई बार यह हादसों का कारण भी बन जाते हैं। तमिलनाडु से सामने आया एक ताज़ा मामला इसी की गवाही देता है।
Reddit पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
Reddit पर एक यूज़र ने वीडियो साझा कर दावा किया है कि टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक SUV के Summon Mode के चलते उसके एक रिश्तेदार की मौत हो गई। वीडियो में SUV घर के गेट पर ढलान वाली जगह पर खड़ी दिखाई देती है। अचानक गाड़ी पीछे की तरफ़ बढ़ने लगती है और दरवाज़े के पास खड़ा व्यक्ति उसकी चपेट में आ जाता है।
चंद सेकंड में हुई त्रासदी
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, हादसा 14 अगस्त 2025 की शाम करीब 5:53 बजे तमिलनाडु के अविनाशी इलाके में हुआ। जैसे ही SUV पीछे सरकने लगी, शख्स ने अंदर घुसकर ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन भारी वाहन की रफ़्तार के कारण वह गिर पड़ा। गाड़ी उसके पैरों पर चढ़ गई और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। SUV उसके बाद एक दुकान से टकराई और फिर अचानक रुक गई।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
यह वीडियो इंटरनेट पर तेज़ी से वायरल हो गया है और लोगों ने Summon Mode की सुरक्षा पर सवाल उठाना शुरू कर दिए हैं। एक यूज़र ने लिखा कि, “यदि दरवाज़ा खुला था तो मोड एक्टिव नहीं होना चाहिए था। यह सिस्टम सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है, लेकिन यहां तकनीक फेल होती दिखी।”
क्या है Summon Mode?
Summon Mode एक एडवांस्ड फीचर है, जिसमें ड्राइवर कार के बाहर खड़े होकर मोबाइल ऐप या रिमोट की मदद से SUV को आगे-पीछे मूव कर सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य संकरी पार्किंग स्पेस या तंग जगहों से गाड़ी को आसानी से निकालना होता है। इसे आसान भाषा में “रिमोट कंट्रोल कार” फीचर कहा जा सकता है।
कैसे करता है काम
-
कार सीधी लाइन में धीरे-धीरे आगे या पीछे चलती है।
-
सेंसर और कैमरे गाड़ी के आसपास की रुकावटों पर नज़र रखते हैं।
-
दावा किया जाता है कि किसी ऑब्स्टेकल के आने पर सिस्टम वाहन को रोक देता है।
-
इसका उपयोग आमतौर पर तब होता है जब SUV संकरी जगह में फंसी हो और ड्राइवर दरवाज़ा न खोल पाए।
लॉन्च के समय खूब दिखाया गया था फीचर
जब टाटा मोटर्स ने हैरियर EV को भारतीय बाज़ार में पेश किया था, तब इस फीचर को खासतौर पर मीडिया के सामने डेमो करके दिखाया गया। SUV को बिना ड्राइवर के रिमोट से आगे बढ़ते हुए स्टेज पर लाया गया था, जिसने सभी का ध्यान खींचा था।
कंपनी की प्रतिक्रिया का इंतज़ार
फिलहाल इस हादसे पर टाटा मोटर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लोग सोशल मीडिया पर लगातार यह सवाल कर रहे हैं कि यह दुर्घटना तकनीकी खामी का नतीजा थी या मानवीय गलती। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी जल्द ही इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करेगी।
