पंजाब में रावी नदी उफान पर है और पिछले कई दिनों से लगातार पानी भरने के कारण 40 से 50 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों को घर-बार छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने पहले ही लिया था जायजा
कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद प्रभावित गांवों का दौरा किया था। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है। खास बात यह रही कि सीएम ने अपने हेलिकॉप्टर को भी प्रभावित क्षेत्र की सेवा के लिए वहीं छोड़ दिया और खुद कार से चंडीगढ़ रवाना हो गए।
राघव चड्ढा पहुंचे दीनानगर
आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद राघव चड्ढा भी दीनानगर हलके के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने पहुंचे। वे अलग-अलग गांवों में जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं। प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की जानकारी ली।
ट्रैक्टर पर बैठकर गांव-गांव पहुंचे
राघव चड्ढा ने बाढ़ से घिरे कई गांवों जैसे बाहमणी, चंडीगढ़ आबादी, झबकरा, जागोचक टाडा, बाबा नाभा दास कॉलोनी, मकौड़ा समेत अन्य इलाकों का दौरा किया। पानी भरे होने के कारण वे ट्रैक्टर पर सवार होकर ग्रामीणों तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी।
लोगों को दिलाया भरोसा
बाढ़ प्रभावितों से बातचीत करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार हर समय लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। किसी को भी भोजन, पानी या राहत सामग्री की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान की अगुवाई में प्रशासन लगातार काम कर रहा है ताकि किसी भी नागरिक को संकट का सामना न करना पड़े।
प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
राघव चड्ढा ने इस मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि लोगों की हर तरह से मदद की जाए और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
‘आप’ नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी
दौरे के दौरान दीनानगर हलका इंचार्ज शमशेर सिंह समेत बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
