कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश की जनता से झूठ बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में एक ही बूथ पर एक महिला का नाम 223 बार दर्ज किया गया।
223 बार एक ही नाम, सीसीटीवी फुटेज डिलीट
राहुल गांधी ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि एक ही बूथ पर 223 बार एक ही महिला का नाम वोटर लिस्ट में मौजूद था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस महिला ने कितनी बार वोट डाला और चुनाव आयोग इस पर चुप क्यों है।
राहुल ने व्यंग्य करते हुए कहा, “इसके लिए तो चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया जाना चाहिए, क्योंकि उसी ने यह व्यवस्था बनाई।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज जानबूझकर डिलीट कर दी गई ताकि यह सामने न आ सके कि उस बूथ पर क्या हुआ।
फर्जी वोटिंग और डुप्लीकेट वोटर
राहुल गांधी ने बताया कि जांच के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए, जिनमें फेक फोटो और डुप्लीकेट वोटर लिस्ट का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने दावा किया कि केवल हरियाणा में ही एक लाख 24 हजार 177 मतदाता ऐसे थे जिनके फर्जी फोटो वोटर लिस्ट में लगाए गए थे।
एक महिला का नाम 9 अलग-अलग जगहों पर वोटिंग लिस्ट में था और उसने 10 जगहों पर वोट डाला।
राहुल ने कहा कि यह सब एक सुनियोजित साजिश के तहत हुआ, ताकि बीजेपी को फायदा पहुंचाया जा सके।
‘बीजेपी समर्थक वोटर दो राज्यों में’
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कई वोटरों के नाम दो-दो राज्यों की वोटर लिस्ट में दर्ज हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “दालचंद नाम का व्यक्ति यूपी और हरियाणा दोनों जगह वोटर है। उसका बेटा भी दोनों राज्यों में वोट डालता है और हमेशा बीजेपी को वोट देता है।”
राहुल ने दावा किया कि ऐसे हजारों वोटर हैं जिनका बीजेपी से सीधा संबंध है।
उन्होंने कहा कि यहां तक कि मथुरा के सरपंच प्रह्लाद का नाम भी हरियाणा की कई वोटर लिस्टों में दर्ज है।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने हाल ही में यह कहा था कि जिनके पास घर नहीं है, उनके सामने मकान नंबर ‘जीरो’ दर्ज कर दिया जाता है।
राहुल ने कहा, “हमने इस दावे की जांच की और पाया कि यह पूरी तरह झूठ है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश की जनता से खुलेआम झूठ बोला।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए गए सबूत
राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग की प्रेस ब्रीफिंग का वीडियो भी दिखाया, जिसमें बेघर लोगों के पते को लेकर जानकारी दी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन दावों की क्रॉस चेकिंग की है और कई गड़बड़ियां पाई हैं।
‘वोट चोरी को समझे युवा पीढ़ी’
राहुल गांधी ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ कांग्रेस या बीजेपी का नहीं है, बल्कि भारत के लोकतंत्र का सवाल है।
उन्होंने कहा, “यह वोट चोरी Gen Z को समझनी चाहिए, क्योंकि यह उनके भविष्य की चोरी है।”
राहुल ने मांग की कि चुनाव आयोग को इस पूरे मामले पर तुरंत जवाब देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
