कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा दावा करते हुए ‘H फाइल्स’ नाम की प्रजेंटेशन जारी की। इसके ज़रिए उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे को फिर से उठाया और कहा कि हरियाणा समेत कई राज्यों में चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है।
हरियाणा चुनाव पर गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कई उम्मीदवारों से शिकायतें मिलीं कि मतदान के दौरान कुछ “गलत” हुआ। उन्होंने बताया कि पांच बड़े एग्जिट पोल्स में कांग्रेस की जीत दिखाई गई थी, लेकिन नतीजे उलट गए। राहुल ने कहा, “पहली बार हरियाणा में ऐसा हुआ कि पोस्टल बैलेट असली नतीजों से बिल्कुल अलग थे।”
ब्राजील की मॉडल के नाम पर 22 फर्जी वोट
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक चौंकाने वाला मामला सामने रखा। उनके अनुसार, हरियाणा की राई विधानसभा सीट पर एक महिला के 22 वोट दर्ज किए गए, वो भी अलग-अलग नामों से — कभी सीमा, कभी स्वीटी, कभी सरस्वती।
राहुल ने बताया कि उस महिला की तस्वीर भी फर्जी थी, क्योंकि वह असल में ब्राजील की मॉडल मैथ्यूज फरेरो की थी। राहुल ने कहा, “एक पूरी पहचान गढ़कर, एक विदेशी मॉडल के नाम पर 22 वोट डाले गए — यह मज़ाक नहीं, लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।”
‘25 लाख वोट चोरी’, 5.21 लाख डुप्लीकेट मतदाता
राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी किए गए और 5.21 लाख डुप्लीकेट वोटर पाए गए। उन्होंने कहा कि राज्य में कुल लगभग 2 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से करीब 12% यानी हर 8 में से 1 वोटर फर्जी है।
उनके मुताबिक, “यह सिर्फ कांग्रेस की हार नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की चोरी है।”
ECI पर गंभीर सवाल
राहुल ने चुनाव आयोग (ECI) पर भी आरोप लगाया कि उसने उन बूथों का वीडियो फुटेज डिलीट कर दिया, जहाँ से ये फर्जी वोट डाले गए थे। उन्होंने कहा कि आयोग के पास डुप्लीकेट वोटर पहचानने का सॉफ्टवेयर है, लेकिन उसे जानबूझकर इस्तेमाल नहीं किया गया क्योंकि “वह बीजेपी की मदद कर रहा है।”
बीजेपी पर सीधा हमला
राहुल गांधी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक कथित वीडियो का जिक्र किया, जिसमें वह कहते दिख रहे हैं कि “हमारे पास सारी व्यवस्था है, बीजेपी एकतरफा जीत रही है।” राहुल ने इसे “षड्यंत्र की कुंजी” बताया और कहा कि यह वीडियो दिखाता है कि चुनाव परिणाम पहले से तय कर लिए गए थे।
‘लोकतंत्र के साथ धोखा’
राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक राज्य की बात नहीं, बल्कि पूरे देश में लोकतंत्र पर खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा, “हम लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं।”
