कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की नींव वोट है, और इस पर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राज्यों, खासकर महाराष्ट्र और कर्नाटक में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं।
महाराष्ट्र में 40 लाख रहस्यमयी वोटर
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट में 40 लाख वोटर रहस्यमयी तरीके से शामिल किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पांच साल के बजाय केवल पांच महीनों में इतने अधिक वोटर्स जोड़ दिए गए, जो सामान्य नहीं है। उन्होंने महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव को “चोरी हुआ चुनाव” बताया।
वोटिंग के दिन शाम को अचानक बढ़ा मतदान
राहुल ने आरोप लगाया कि वोटिंग के दिन शाम 5 बजे के बाद अचानक मतदान प्रतिशत में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सामान्य प्रक्रिया है या इसमें कोई साजिश है? उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए वोटर्स लिस्ट में जोड़े गए, जो गंभीर चिंता का विषय है।
चुनाव आयोग से मांगा डेटा, नहीं मिला जवाब
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने बार-बार चुनाव आयोग से डेटा मांगा, लेकिन आयोग ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पारदर्शिता नहीं दिखा रहा है और उनकी जांच में सहयोग नहीं कर रहा।
बेंगलुरु की महादेवपुरा सीट पर मिली गड़बड़ी
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी टीम ने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट की महादेवपुरा विधानसभा सीट की वोटर लिस्ट का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि इस सीट पर 6.5 लाख मतदाताओं में से 1 लाख से ज्यादा वोट फर्जी पाए गए। कांग्रेस यहां 32,707 वोटों से हारी, जबकि बीजेपी का मार्जिन एक लाख से ज्यादा था।
वोट चोरी के 5 तरीके बताए
राहुल गांधी ने वोट चोरी के पांच प्रमुख तरीकों को गिनाया:
-
डुप्लीकेट वोटर्स – 11,965
-
फर्जी व इनवैलिड एड्रेस – 40,009
-
एक ही पते पर बल्क वोटर्स – 10,452
-
इनवैलिड फोटो – 4,132
-
फॉर्म 6 का दुरुपयोग – 30,000
उन्होंने दावा किया कि एक कमरे के घर में 80 वोटर, और एक पते पर 46 वोटर्स जैसे कई उदाहरण सामने आए हैं।
चुनाव आयोग और बीजेपी की मिलीभगत का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि यह सब सिर्फ एक गलती नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग और बीजेपी की संगठित मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गड़बड़ियां सिर्फ एक या दो सीटों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई सीटों पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी हुई है।
चेतावनी: जवाब देना होगा
अपने भाषण के अंत में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि चाहे वह सीनियर हों या जूनियर, कांग्रेस पार्टी इस गड़बड़ी के लिए किसी को नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को देश की जनता के सामने जवाब देना होगा, कि वोटर लिस्ट सही है या नहीं।
राहुल गांधी का यह बयान आने वाले समय में राजनीतिक बहस को तेज कर सकता है। अब सबकी निगाहें चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया और सरकार के रुख पर टिकी होंगी।
