त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और ट्रेनों में भीड़ को संतुलित करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक नई योजना का ऐलान किया है। इसका नाम “राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम” रखा गया है। इस स्कीम के तहत यात्रियों को रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर 20% की छूट मिलेगी।
कब से शुरू होगी योजना
रेलवे ने बताया कि यह योजना 14 अगस्त 2025 से लागू होगी और इसे फिलहाल एक्सपेरिमेंटल बेसिस पर शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों की प्रतिक्रिया और योजना के असर का आकलन करना है, ताकि आगे चलकर इसे स्थायी रूप से लागू करने पर विचार किया जा सके।
बुकिंग की समय सीमा
इस स्कीम के तहत यात्रियों को अपनी पहली यात्रा (Onward Journey) का टिकट 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक करना होगा। वहीं वापसी (Return Journey) का टिकट 17 नवंबर 2025 से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक किया जा सकेगा। रिटर्न टिकट बुक करने के लिए रेलवे के “कनेक्टिंग जर्नी फीचर” का इस्तेमाल करना होगा।
छूट पाने की शर्तें
इस स्कीम का लाभ तभी मिलेगा जब दोनों तरफ के टिकट एक ही यात्री के नाम से और कन्फर्म स्टेटस में हों। साथ ही, छूट सिर्फ रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर दी जाएगी, अन्य चार्ज जैसे रिजर्वेशन, सुपरफास्ट या सर्विस चार्ज पर कोई छूट नहीं होगी। रिटर्न टिकट की बुकिंग के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा।
रेलवे का उद्देश्य
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल त्योहारों के समय ट्रेनों का दोनों तरफ से बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए है। अक्सर त्योहारों में एक तरफ का रूट ज्यादा भरा होता है जबकि वापसी में ट्रेनें खाली रहती हैं। इस स्कीम से न केवल यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि रेलवे को भी ट्रेन संचालन में संतुलन मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा पर फोकस
रेलवे ने बताया कि यह योजना यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधा और बचत का मौका लेकर आई है। अब यात्री अपनी रिटर्न यात्रा की योजना पहले से बनाकर सस्ते में टिकट बुक कर सकेंगे। यदि यह स्कीम सफल होती है, तो आगे इसे और रूट्स और समयावधि में लागू किया जा सकता है।
